बालोतरा में पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक फास्ट फूड दुकानदार को गांजा बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2.74 किलोग्राम अवैध गांजा पाउडर बरामद किया गया। एसपी रमेश शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक फास्ट फूड की दुकान पर मादक पदार्थ की सप्लाई की जा रही है। इस सूचना पर एएसपी हरफूल सिंह और डीएसपी अनिल पुरोहित के सुपरविजन में बालोतरा थाना इंचार्ज हिंगलाजदान और डीएसटी प्रभारी लूणाराम की टीम ने दुकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान दुकानदार अशोक कुमार, निवासी संजय कॉलोनी, पंचायत समिति के सामने, बालोतरा के पास से 2.74 किलोग्राम पिसा हुआ गांजा पाउडर बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर ही गांजा जब्त कर आरोपी अशोक कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फिलहाल आरोपी से गांजा पाउडर की खरीद-फरोख्त और उसके सप्लाई नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह यह मादक पदार्थ कहां से लाता था और किन लोगों को बेचता था। एसपी ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार “ऑपरेशन विभंजन” चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्त कार्रवाई की जा रही है, जिसका उद्देश्य जिले को नशा मुक्त बनाना है।


