अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की बालोतरा नगर इकाई ने राष्ट्रीय युवा दिवस पर “युवा गर्जना” कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन सत्र स्वामी विवेकानंद के विचारों पर केंद्रित था, जिसमें युवाओं से राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। नगर मंत्री दिनेशपाल सिंह ने बताया कि उद्घाटन सत्र में एबीवीपी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य पवन ऐचरा, समाजसेवी विक्रमादित्य सिंह और प्रभा सिंघवी ने संबोधित किया। वक्ताओं ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को युवाओं के लिए मार्गदर्शक बताते हुए शिक्षा, चरित्र निर्माण और सेवा के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम के तहत नगर में एक शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और विद्यार्थियों ने भाग लिया। नगर के विभिन्न स्थानों पर समाज के लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। इस शोभायात्रा का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक चेतना और संगठनात्मक एकजुटता का संदेश देना था। इसके बाद एक खुले मंच का आयोजन किया गया, जिसका संचालन नितीन वैष्णव ने किया। इस मंच पर जिला संयोजक हनुमान चौधरी, प्रांत कार्यसमिति सदस्य दिलीप सिंह, लक्षित सिंह, नगर मंत्री दिनेशपाल सिंह, यशेष माली, फूलकंवर, लोकेंद्र सिंह और गजेंद्र सिंह ने युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने नई शिक्षा नीति, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण और छात्रसंघ चुनाव जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन और उनके विचार आज के युवाओं के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, संस्कार और सेवा के माध्यम से समाज व राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में एबीवीपी के कार्यकर्ता, विद्यार्थी और नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समापन पर हुकमाराम प्रजापत ने सभी सहभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में संयोजक कंवराज सिंह, सह संयोजक लक्षिता चौधरी, रेणुका जाटोल, कविता, खुशी दवे और श्याम सोलंकी ने सहयोग किया।


