अरावली पर्वतमाला के संरक्षण को लेकर अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई जारी है। खनि अभियंता आसिफ अंसारी ने बताया कि 29 दिसंबर से अब तक की कार्रवाई में अवैध खनन के 10 मामले, अवैध भंडारण का 1 और अवैध परिवहन के 21 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 8 खनन पट्टों का ड्रोन सर्वे कराया गया है। दो मेसोनरी स्टोन खनन पट्टों में स्वीकृत सीमा से बाहर खनन पाए जाने पर पट्टाधारकों को सुनवाई का अवसर देते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। विभाग द्वारा अब तक लगभग तीन करोड़ रुपये की पेनल्टी लगाई जा चुकी है। उल्लेखनीय है कि अरावली क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर अलवर, जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, राजसमंद, उदयपुर सहित कुल 20 अरावली विस्तार जिलों में 29 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक संयुक्त विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर नमित मेहता ने खान, वन, पर्यावरण, राजस्व, पुलिस एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर अवैध खनन गतिविधियों के विरूद्ध जीरो टोलरेंस नीति के साथ कार्यवाही करने के सख्त निर्देश दिए थे।


