बालोद में गांजा तस्करी के दो मामले:खपाने आए तीन युवक और घर की बाड़ी में छिपाने वाली महिला गिरफ्तार, 2.28 लाख का गांजा जब्त

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी और अवैध बिक्री के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है। कार्रवाई में तीन पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 4 किलो 689 ग्राम गांजा, नकद राशि, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त गांजा की कुल कीमत करीब 2 लाख 28 हजार रुपए आंकी गई है। उड़ीसा से गांजा लाकर बालोद में खपाने की तैयारी एएसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि 30 जनवरी को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन युवक पैशन प्रो मोटरसाइकिल (CG 19 BA 6418) से उड़ीसा से गांजा लेकर चारामा के रास्ते बालोद आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने ग्राम नर्रा स्थित रानीमाई मंदिर के पास एमसीपी लगाकर वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोककर पूछताछ की गई। आरोपियों की पहचान कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र के ग्राम जैसाकर्रा निवासी महेन्द्र कुंजाम (25), जितेन्द्र निषाद (24) और नोमेन्द्र रजक (19) के रूप में हुई। तलाशी में उनके पास से 4.082 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जिसकी कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है। घर में छिपाकर गांजा बेच रही महिला भी पकड़ी गई दूसरे मामले में बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम बी-जामगांव से 26 वर्षीय धनेश्वरी शर्मा को गांजा बेचते हुए गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि महिला ने अपने घर की खाट के अंदर और बाथरूम के पीछे बाड़ी में 607 ग्राम गांजा छिपाकर रखा था। इसकी कीमत करीब 28 हजार 500 रुपए आंकी गई है। चारों आरोपी जेल भेज दिए गए हैं। बालोद टीआई शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज किया गया है। शनिवार को सभी चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *