झारखंड के चाईबासा में शनिवार को केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (GST) विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के भाई विनय ठाकुर के आवास और उनसे जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई कथित कर चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के इनपुट के आधार पर की गई है। जानकारी के अनुसार, विनय ठाकुर ‘सत्यम बिल्डर्स’ नामक कंपनी के मालिक हैं। केंद्रीय जीएसटी की टीम दो वाहनों में सवार होकर उनके आवास पर पहुंची। टीम वर्तमान में कंपनी के वित्तीय लेनदेन, जीएसटी रिटर्न और बैंक रिकॉर्ड्स की गहन पड़ताल कर रही है। पूर्व मंत्री के भाई से जुड़ा मामला होने के कारण इस छापेमारी की खबर फैलते ही शहर के राजनीतिक और व्यापारिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने फिलहाल मीडिया से दूरी बनाए रखी है और जांच पूरी होने तक किसी भी तरह के आधिकारिक बयान से इनकार किया है। जांच के मुख्य बिंदुओं में सत्यम बिल्डर्स द्वारा किए गए कर भुगतान का सत्यापन, इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल और कंपनी के हालिया प्रोजेक्ट्स तथा उनमें हुए वित्तीय निवेश का ब्योरा शामिल है।


