छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में कृषि कार्य के दौरान ट्रैक्टर पलटने से ड्राइवर की मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार दोपहर 1 बजे की है। पुरूर थाना क्षेत्र के ग्राम चिटौद में किसान के खेत में मताई कार्य के दौरान ट्रैक्टर फंस गया था। जिसे सोरिद (धमतरी) निवासी ड्राइवर तोरण नेताम बाहर निकाल रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर पलट गया और ड्राइवर उसके नीचे दब गया। ग्रामीणों ने आनन-फानन में दूसरे ट्रैक्टर की व्यवस्था की और फंसे हुए ट्रैक्टर को बांधकर बाहर खींचा। लेकिन तब तक ड्राइवर की दबने से मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुरूर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गुरुर भेजा। टायर में लकड़ी फंसने से पलट गया ट्रैक्टर पुरूर थाना प्रभारी प्रदीप कंवर ने बताया कि खेत में ट्रैक्टर फंसने के बाद ड्राइवर ने टायर में लकड़ी की बल्ली फंसाकर वाहन को निकालने की कोशिश की। इस दौरान उसने लापरवाहीपूर्वक ट्रैक्टर की स्पीड बढ़ा दी। जिससे ट्रैक्टर अचानक खड़ा होकर पलट गया और ड्राइवर उसके नीचे दब गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।


