बाल संरक्षण तंत्र को मजबूत बनाएं: डॉ. शर्मा

भास्कर न्यूज | सुकमा राज्य बाल अधिकार आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा शनिवार को सुकमा जिले के प्रवास पर रही। इस दौरान डॉ. वर्णिका शर्मा ने बस्तर सेवक मंडल बालगृह छिंदगढ़ का औचक निरीक्षण कर, न्यू सर्किट हाउस सुकमा में बाल संरक्षण तंत्र के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बैठक भी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बालगृह में रह रहे बच्चों से मुलाकात कर उनकी पढ़ाई, दिनचर्या और सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान डॉ. शर्मा ने उन्हें शिक्षा का महत्व समझाया और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। डॉ. शर्मा ने बालगृह में उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए उच्च स्तरीय व्यवस्था करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में बाल श्रम की रोकथाम के लिए जिले में हर माह विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि श्रम विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें बनाकर कार्रवाई करें ताकि जिले में बाल श्रम की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि किशोर-किशोरियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए स्कूल, पोटाकेबिन, आश्रमों में जागरूकता कार्यक्रम, प्रशिक्षण एवं क्षमता वृद्धि सत्र आयोजित किए जाएं। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि धनीराम बारसे, नगर पालिका अध्यक्ष हुंगाराम मरकाम, उपाध्यक्ष भुनेश्वरी यादव, जिला महिला बाल विकास अधिकारी बिस्मिता पाटले, श्रम विभाग के पदाधिकारी, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य, किशोर न्याय बोर्ड के प्रतिनिधि, विशेष किशोर पुलिस इकाई के अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता सहित अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *