भास्कर न्यूज | अमृतसर आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर अजनाला हलके में ‘चाय पर चर्चा’ मुहिम का आगाज किया। सरहदी गांव बिकराऊर से शुरू हुई इस मुहिम के तहत धालीवाल ने बरलास, सैदपुर खुर्द और शालीवाल जैसे कई गांवों में कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान धालीवाल ने एक बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि सरहदी क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा देने के लिए गांव बिकराऊर में सरकारी कॉलेज के निर्माण हेतु 15 करोड़ रुपए के टेंडर जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने इस क्षेत्र को जानबूझकर शिक्षा से वंचित रखा, लेकिन ‘आप’ सरकार इसे बदलने जा रही है। इस कॉलेज का नींव पत्थर रखने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से समय मांग लिया गया है और जल्द ही वे इसकी आधारशिला रखेंगे। धालीवाल ने कार्यकर्ताओं को कहा कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं और विकास कार्यों की गुणवत्ता पर खुद नजर रखें। उन्होंने दावा किया कि जनता ने कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा को पूरी तरह नकार दिया है।


