भास्कर न्यूज | अमृतसर हलका मजीठा के गांव रंगीलपुरा में शनिवार रात 11 बजे 5 लुटेरे गन दिखाकर कार और मोबाइल छीनकर ले गए। विरोध करने पर बदमाशों ने युवक के साथ मारपीट भी की। पीड़ित परमिंदर सिंह निवासी रंगीलपुर ने बताया कि कुछ दिन पहले ही शोरूम से की नई कार लेकर आया था। शनिवार को टायर चेंज करवाने गया था और साथ में उसका दोस्त भी था। दोस्त को घर छोड़ने के बाद जब वह अकेला घर लौट रहा था, तो रात 11 बजे एक युवक अचानक कार के सामने आ गया। मजबूरी में उसे कार रोकनी पड़ी। इसी दौरान 4 अज्ञात युवक वहां पहुंचे दिखाकर मारपीट की फिर कार, मोबाइल और कैश छीनकर फरार हो गए। पीड़ित परमिंदर ने बताया कि एक बदमाश ने उस पर पिस्तौल तान दी फिर पर्स और मोबाइल छीन लिया। इ सके बाद आरोपी कार की चाबी छीनने लगे। डर के मारे वहां से भागने लगा तो बदमाशों ने पकड़ लिया और सिर पर पिस्तौल से वार करते हुए जमकर मारपीट की। इसके बाद आरोपी कार, मोबाइल और कुछ कैश लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित के बयान के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करके कार बरामद कर ली जाएगी।


