करौली शहर की बिगड़ी सीवरेज व्यवस्था में सुधार का काम तेज हो गया है। जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना के निर्देश पर कार्रवाई शुरू की गई है। कलेक्टर ने शनिवार को सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और डंपिंग यार्ड का निरीक्षण किया। नगर परिषद आयुक्त प्रेमराज मीना के अनुसार हिंडौन से विशेष तकनीकी टीम को बुलाया गया। टीम ने आयुक्त प्रेमराज मीना, सहायक अभियंता विकास मीणा और शुभम गुप्ता की उपस्थिति में काम शुरू किया। विशेषज्ञों ने डंपिंग यार्ड के पैनल में मौजूद तकनीकी खामियों को दूर किया। इसके बाद डंपिंग यार्ड की टंकी से सीवरेज की लिफ्टिंग प्रक्रिया शुरू की गई। आयुक्त मीना ने बताया कि सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की बची हुई तकनीकी समस्याओं को भी जल्द दूर किया जाएगा। प्लांट को पूरी क्षमता से चालू करने की योजना है। प्रशासन की इस पहल से शहरवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है। लोग लंबे समय से सीवरेज की समस्याओं से जूझ रहे थे।


