भास्कर न्यूज | रामचंद्रपुर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने रामचंद्रपुर ब्लॉक के ग्राम कुर्लडीह में दबिश देकर बिचौलिए श्याम सुन्दर गुप्ता के घर में अवैध धान और किसानों के गोपनीय दस्तावेज बरामद किए हैं। मामले में आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गुरुवार रात करीब 8 बजे टीम ने पिकअप वाहन को रोककर पूछताछ की, जिसके बाद आरोपी श्याम सुन्दर गुप्ता के घर पर छापा मारा गया। आरोपी के घर से लगभग 400 बोरी अवैध धान बरामद किया गया। तलाशी में बड़ी मात्रा में वित्तीय दस्तावेज मिले। टीम को 161 सहकारी बैंक की पासबुक, 62 नग चेक, 19 केसीसी पासबुक और दर्जनों एटीएम कार्ड, 46 किसान किताब (भाग-1), 59 किसान किताब (भाग-2) के साथ बड़ी संख्या में आधार कार्ड और पैन कार्ड, 1 लाख 67 हजार 100 रुपये नकद, एक पिकअप वाहन और एक बाइक और विड्रॉल फॉर्म और चेकों पर किसानों के पहले से किए हुए हस्ताक्षर भी मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी श्याम सुन्दर गुप्ता अन्य राज्यों से कम कीमत पर धान मंगवाता था। इसके बाद वह स्थानीय किसानों की ऋण पुस्तिका और बैंक खातों का उपयोग कर उस धान को छत्तीसगढ़ के सरकारी खरीदी केंद्रों में समर्थन मूल्य पर बेच देता था। किसानों के हस्ताक्षर वाले विड्रॉल फॉर्म और पासबुक अपने पास रखकर वह भुगतान की राशि खुद निकाल लेता था। सनावल थाना में आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। बरामद सामान और वाहनों को जब्त कर लिया गया है।


