अजमेर में बिजनेसमैन को व्हाट्सएप पर धमकी देकर 2 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में जांगिड़ समाज शुक्रवार को एसपी ऑफिस पहुंचा। समाज ने एडिशनल एसपी सिटी से मुलाकात कर एसपी वंदिता राणा के नाम ज्ञापन दिया। ज्ञापन के जरिए समाज ने बिजनेसमैन यशवंत शर्मा को धमकी देकर रंगदारी मांगने वाले आरोपियों पर जल्द कार्रवाई की मांग की है। बता दे कि 29 नवंबर को बिजनेसमैन यशवंत शर्मा को व्हाट्सएप पर मैसेज के जरिए धमकी दी गई थी। उनसे 2 करोड़ रुपए की डिमांड की गई। इस मामले में बिजनेसमैन की शिकायत पर आदर्श नगर थाना पुलिस जांच में जुटी है। मामले के 6 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली है। अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष सुधीर कुमार पवार ने बताया कि उनके समाज के सदस्य यशवंत शर्मा को पिछले कुछ समय से लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही है। बदमाश उनसे एक्सटॉर्शन के रूप में धन की मांग कर रहे हैं। अध्यक्ष ने कहा कि यह स्थिति अत्यंत गंभीर, चिंताजनक और कानून व्यवस्था के लिए खतरा उत्पन्न करने वाली है। आज एडिशनल एसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ से मुलाकात की गई। समाज ने जिला पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा के नाम ज्ञापन दिया है। ज्ञापन के जरिए इस मामले में तुरंत संज्ञान लेकर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने, पीड़ित बिजनेसमैन और उनके परिवार की सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त करने और मामले में उच्च स्तरीय जांच करवाने की मांग की गई है। अलग-अलग टीम बनाई, लेकिन अभी भी हाथ खाली बिजनेसमैन यशवंत शर्मा से 2 करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में जिला पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा के नेतृत्व में आदर्श नगर थाना प्रभारी पुलिस के साथ ही अलग-अलग टीमें बनाई गई है। इन टीमों में थाना अधिकारी अस्तर के अधिकारियों को जोड़ा गया है। घर के आसपास घूम रहे कई संदिग्ध लोगों से भी सीसीटीवी चेक कर पूछताछ की गई है। बिजनेसमैन को विदेशी नंबर से यह मैसेज प्राप्त हुआ था। मैसेज कहां से भेजा गया और किसने भेजा इसे लेकर अभी तक पुलिस को कोई जानकारी नहीं मिली है। मामले में अधिकारियों ने अभी भी चुप्पी साध रखी है।


