बैकुंठपुर | प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना ने आम नागरिकों के जीवन में नई रोशनी भर दी है। बैकुंठपुर निवासी सेवकराम राजवाड़े इस योजना से जुड़कर अब बिजली उपभोक्ता से ऊर्जादाता बन गए हैं। पहले जहां हर महीने उन्हें हजारों रुपए का बिजली बिल चुकाना पड़ता था, वहीं अब उनका बिल लगभग शून्य हो गया है। सेवकराम ने अपने घर की छत पर 3 केवी का सोलर प्लांट स्थापित कराया। इसमें उन्हें 78 हजार रुपये की सब्सिडी मिली। उन्होंने बताया कि आवेदन की प्रक्रिया बेहद सरल रही और पैनल समय पर स्थापित कर दिए गए। इससे न केवल बिजली खर्च में बचत हुई, बल्कि अतिरिक्त बिजली उत्पादन से वे ऊर्जा आपूर्ति में योगदान भी दे रहे हैं। सेवकराम ने कहा कि डबल सब्सिडी नीति से यह योजना आम लोगों के लिए अत्यंत लाभदायक सिद्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि यह पहल न सिर्फ घरेलू जरूरतें पूरी कर रही है, बल्कि आत्मनिर्भर और ऊर्जा सुरक्षित भारत के निर्माण की दिशा में बड़ा कदम है।


