रीवा जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र के ग्राम डोमा में बिजली कंपनी की जांच टीम की कार्रवाई के दौरान एक उपभोक्ता की मौत का मामला और गंभीर हो गया है। घटना का लाइव वीडियो सामने आने के बाद कंपनी पर लगाए गए परिजनों के आरोपों को मजबूती मिली है। वीडियो में गुरुवार को हुई कार्रवाई के समय का पूरा घटनाक्रम कैद होने का दावा किया जा रहा है। इसके सामने आते ही मामला तूल पकड़ गया और गांव में तनाव की स्थिति बन गई है। क्या है पूरा मामला
मृतक की पहचान राजेश चतुर्वेदी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार विजिलेंस टीम अवैध बिजली कनेक्शन की जांच के लिए उनके घर पहुंची थी। पूछताछ के दौरान राजेश और टीम के बीच कहासुनी हो गई, जो कथित तौर पर धक्का-मुक्की में बदल गई। इसी दौरान राजेश अचानक जमीन पर गिर पड़े। यह पूरा दृश्य वहां मौजूद एक व्यक्ति ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में राजेश के गिरते ही परिजनों को मदद के लिए चिल्लाते देखा जा सकता है। परिजनों का आरोप है कि इसके बावजूद विजिलेंस टीम ने तत्काल कोई चिकित्सा सहायता नहीं दिलाई और कुछ देर बाद मौके से चली गई। बाद में परिजन राजेश को संजय गांधी चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत का कारण स्पष्ट नहीं
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो, परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विजिलेंस टीम के सदस्यों से पूछताछ जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मौत के पीछे लापरवाही थी या कोई अन्य कारण।


