भास्कर न्यूज |लुधियाना पंजाब में बिजली कर्मचारियों का रोष और बढ़ गया है। 2 जून को सरकार द्वारा मानी गई 25 मांगों का नोटिफिकेशन जारी न होने के विरोध में शुरू हुआ “औजार और कलम छोड़ो आंदोलन” बुधवार को तीसरे दिन में पहुंच गया। पीएसईबी एम्प्लॉयज जॉइंट फोरम, बिजली मुलाज़म एकता मंच, ग्रिड यूनियन, एओजेई और पावरकॉम व ट्रांसको पेंशनर्स यूनियन एटक पंजाब के बैनर तले चल रहे इस साझा संघर्ष में यूनियनों ने अब 14 और 15 अगस्त तक सामूहिक छुट्टियां बढ़ाने का ऐलान कर दिया। नेताओं रघुवीर सिंह रामगढ़, रछपाल सिंह पाली, केवल सिंह बनवैट, सतीश भारद्वाज और पल्लव जैन ने कहा कि सरकार और प्रबंधन द्वारा बार-बार वादाखिलाफी के कारण कर्मचारी बेहद आक्रोशित हैं। राज्यभर में बुधवार को भी जोरदार विरोध प्रदर्शन हुए। यूनियनों ने चेतावनी दी कि 15 अगस्त को जहां भी मंत्री या अधिकारी ध्वजारोहण करेंगे, बिजली कर्मचारी काले झंडे दिखाकर विरोध जताएंगे। यह प्रदर्शन नजदीकी बिजली कार्यालयों से किया जाएगा, ताकि सरकार को स्पष्ट संदेश मिले कि कर्मचारियों का धैर्य अब खत्म हो चुका है। नेताओं गुरप्रीत सिंह, रघुवीर सिंह जमालपुर और सुरजीत सिंह ने कहा कि जब तक सरकार आधिकारिक सर्कुलर जारी नहीं करती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। इस मौके पर धरमिंदर, दलजीत सिंह ग्रेवाल, दीपक कुमार, सरताज सिंह, सुखदेव सिंह, मुनीश कुमार, गब्बर सिंह, ओमेश कुमार, इंदरजीत सिंह समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।


