पाकुड़ में बिजली की अनियमित आपूर्ति से परेशान ग्रामीणों ने धुलियान मुख्य पथ पर सड़क जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही प्रभारी सीओ समीर अल्फ्रेड मुर्मू और मुफस्सिल थाना प्रभारी संजीव झा मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में सिर्फ 2-3 घंटे ही बिजली की आपूर्ति हो रही है। गर्मी के मौसम में यह स्थिति बेहद परेशान करने वाली है। स्कूली बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। बुधवार रात से किया सड़क जाम जानकारी के मुताबिक बुधवार रात करीब 12 बजे ग्रामीण एकजुट होकर सड़क पर उतर आए। जाम के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी भी की। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक बिजली आपूर्ति सुधरेगी नहीं, तब तक जाम जारी रहेगा। प्रभारी अंचल अधिकारी ने उनकी समस्या को जायज बताते हुए आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करेगा। नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का वादा किया गया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब 10 घंटे के जाम को समाप्त कर दिया गया। इस क्षेत्र में पिछले कई दिनों से बिजली आपूर्ति को लेकर लोगों में आक्रोश था।


