बेनूर| ग्राम पंचायत के आश्रमों तक बिजली सप्लाई के लिए खंभों से खींचे गए तार लंबे समय से खतरनाक स्थिति में झुके हुए हैं। तेज हवा चलने पर तार टूटकर गिरने और करंट फैलने की आशंका बनी हुई है, जिससे बड़ी दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। आश्रम में रहने वाले बच्चे छुट्टी के दौरान आसपास खेलते हैं, वहीं ग्रामीणों और मवेशियों का भी दिनभर आना-जाना लगा रहता है। आश्रम अधीक्षक ने कई बार विद्युतकर्मियों को तार कसकर ऊपर करने की मांग की, लेकिन अब तक सुधार नहीं किया गया। खास बात यह है कि बिजली सब स्टेशन भी आश्रम से कुछ ही दूरी पर स्थित है। ग्रामीणों ने बच्चों और आमजन की सुरक्षा को देखते हुए जल्द सुधार की मांग की है।


