अमृतसर| थाना कत्थूनंगल पुलिस ने बिजली चोरी की जांच के दौरान पीएसपीसीएल की टीम के साथ दुर्व्यवहार और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में अज्ञात पर पर्चा दर्ज किया है। पुलिस को दिए बयान में पीएसपीसीएल सब-अर्बन मंडल के सीनियर कार्यकारी इंजीनियर ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देशों पर 31 दिसंबर को बिजली चोरी की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में इन्फोर्समेंट विंग अमृतसर और बटाला के अधिकारी शामिल थे, जो गांव जैंतीपुर और पास के इलाकों में चेकिंग के लिए पहुंचे थे। जांच टीम में उप-मंडल अधिकारी मजीठा, मजीठा-2, कथूनंगल और हरसा छीना उप-मंडल के इंजीनियर, कर्मचारी और आउटसोर्स स्टाफ भी मौजूद था। जांच के दौरान गांव जैंतीपुर में अज्ञात लोगों ने टीम के साथ बदसलूकी की। आरोप है कि इन लोगों ने कर्मचारियों के मोबाइल छीन लिए, सरकारी वाहनों को रोककर कार्य में गंभीर बाधा डाली।


