अजमेर डिस्कॉम के नागौर वृत में बिजली चोरों के खिलाफ सघन अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की गई है । प्रबन्ध निदेशक और निदेशक (तकनीकी) के निर्देशानुसार, डिस्कॉम के सतर्कता दलों ने पुलिस जाप्ते के साथ 29 और 30 दिसंबर को छापेमारी की । इस दौरान भारी मात्रा में बिजली चोरी पकड़ी गई और अवैध ट्रांसफार्मर भी जब्त किये गए । अभियान के दौरान मेडतारोड (ग्रामीण) उपखंड के दत्ताणी, सिरसला, ढावा, देशवाल और कूम्पडास गांवों में 6 ट्रांसफार्मर जब्त कर 5.18 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया । इसी तरह सांजू उपखंड के चुई, जैतपुरा खुर्द, दागडा और बरसूना गांवों में 14 ट्रांसफार्मर जब्त कर 18.47 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया । दो दिवसीय इस कार्यवाही में कुल 20 ट्रांसफार्मर जब्त कर कुल 23.65 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है । डेगाना के चुई में विजिलेंस की टीमों ने कार्रवाई करते हुए एक ही माकन की छत पर 6 अवैध ट्रांसफार्मर बरामद किये थे । विजिलेंस टीम अब इस मामले की भी जांच कर रही है कि आखिर यह किस तरह से यहां सप्लाई किये गए और कितने समय से इनका उपयोग कर डिस्कॉम क्षति पहुंचाई जा रही थी । अधीक्षण अभियंता ने बताया कि बिजली चोरी करने वाले गैर-उपभोक्ताओं के विरुद्ध एफ.आई.आर. दर्ज करवाई जाएगी । अधिकारियों ने बताया की नागौर वृत में बढ़ती छीजत को देखते हुए यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा । गौरतलब है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली चोरी की लगातार शिकायतें विभाग को मिल रही थी और सर्दी के मौसम में भी लगातार बढ़ती छीजत के बाद डिस्कॉम ने बड़ा अभियान चलाकर बिजली चोरी रोकने और अवैध ट्रांसफार्मर जब्त करने का अभियान चलाया गया । अभियान की सफलता के लिए मुखबिर तंत्र का भी उपयोग किया गया । साथ ही सुरक्षा के लिहाज से स्थानीय थानों का जाब्ता भी विजिलेंस टीमों के साथ रहा ।


