बूंदी के देईखेड़ा थाना क्षेत्र के पचीपला गांव में एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 68 वर्षीय बजरंग लाल केवट के रूप में हुई है। शनिवार देर रात बिजली मीटर को लेकर हुए विवाद में बाप-बेटे के बीच कहासुनी के बाद यह घटना हुई। मृतक की पत्नी केसर बाई ने छोटे बेटे रामचरण पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि रामचरण ने डंडे से उनके पति की पिटाई की, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। बड़े बेटे धनराज के साथ बजरंग लाल को देईखेड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। देईखेड़ा एसएचओ चंद्रभान सिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर कोई स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए शव को कापरेन अस्पताल भेजा गया है, जहां मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। पुलिस ने उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दे दी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कंटेंट ओमपाल सिंह


