आगर मालवा के गुराड़ी बंगला क्षेत्र में सिंचाई के लिए बिजली आपूर्ति के समय में बदलाव को लेकर किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया। बिजली कंपनी ने सिंचाई के लिए विद्युत आपूर्ति का समय बदलकर सुबह 6 बजे कर दिया था, जिससे किसानों को खेतों में सिंचाई कार्य में परेशानी हो रही थी। शुक्रवार दोपहर बड़ी संख्या में किसान राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) स्थित गुराड़ी बंगला क्षेत्र में एकत्रित हुए और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों का तर्क था कि सुबह 6 बजे का समय व्यावहारिक नहीं है। इस समय खेतों तक पहुंचने, मोटर चालू करने और सिंचाई व्यवस्था संभालने में कठिनाई होती है, खासकर सर्द मौसम में। धरना प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सोयत के पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन सिंह गुंदलावदा, बिजली कंपनी के अधिकारी और सोयत थाना प्रभारी गोपाल वर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने किसानों से बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं और स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने का प्रयास किया। समझाइश के बाद बिजली कंपनी ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी सुविधा को देखते हुए विद्युत आपूर्ति का समय सुबह 6 बजे के बजाय 7 बजे किया जाएगा। इस आश्वासन से संतुष्ट होकर किसानों ने अपना धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया। किसानों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से भविष्य में ऐसे किसी भी बदलाव से पहले उनसे चर्चा करने की मांग की। प्रशासन ने भी किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से सुना जाएगा।


