सिटी रिपोर्टर | बोकारो बिनोद चौक बिजुलिया में सीपीआई (एमएल) के कार्यकर्ताओं ने कामरेड महेंद्र सिंह का 21वां शहादत दिवस मनाया। इस अवसर पर स्व. सिंह की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। जिला सचिव देवदीप सिंह दिवाकर ने कहा कि कामरेड महेंद्र सिंह केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि संघर्ष और समानता के विचार थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन मेहनतकश जनता के अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया। जिला सदस्य दुलाल प्रमाणिक ने कहा कि कामरेड महेंद्र सिंह का जीवन हमें सिखाता है कि राजनीति पद या लाभ के लिए नहीं, बल्कि समाज परिवर्तन के लिए होनी चाहिए। उन्होंने सादगीपूर्ण जीवन जिया, लेकिन विचारों में अपार समृद्धि थी। जेएन सिंह ने कहा कि शहीद महेंद्र सिंह को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके बताए रास्ते पर चलें और मजदूर-किसान-युवाओं की आवाज को बुलंद करें। मौके पर जिला सदस्य राजेश दत्ता, भवेश रजवार, राज्य सदस्य दिलीप तिवारी, केडी पंडित, लोकनाथ सिंह, जोगेंद्र ठाकुर, संजीव करण, आरपी वर्मा आदि उपस्थित थे।


