एंटी टेररिस्ट फ्रंट ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मनिंदरजीत सिंह बिट्टा गुरुवार को झुंझुनूं पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह हमला देश की शांति और स्थिरता पर सीधा वार है, और अब समय आ गया है कि भारत के नागरिक इजराइल की तरह मौत का कफन सिर पर बांधने के लिए तैयार रहें। दिल्ली से सालासर जाते समय रास्ते में झुंझुनूं रुके बिट्टा ने कहा कि इस आतंकी हमले ने देश को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने देश में जो अमन-शांति स्थापित की थी, उसे इस हमले ने ठेस पहुंचाई है। देश में जब आतंकवाद लगभग समाप्त हो चुका था, तब पाकिस्तान और उसकी खुफिया एजेंसी आईएसआई ने यह कायराना हरकत की है। मनिंदरजीत सिंह बिट्टा ने कहा कि पाकिस्तान की आम जनता को भी अब आईएसआई और आतंकवादियों के खिलाफ सड़कों पर उतरना चाहिए। जिन्होंने यह हरकत की है, उन्हें जनता के बीच लाकर उनके सामने जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। हमने कभी पाकिस्तान को पानी के लिए मोहताज नहीं किया, लेकिन अब समय आ गया है कि पाकिस्तान को जल संकट का सामना करना पड़े, ताकि वहां की जनता भी समझे कि आतंकवाद का अंजाम क्या होता है।” बिट्टा ने दावा किया कि आज अमेरिका, रूस, ऑस्ट्रेलिया, इटली और फ्रांस जैसे देश पाकिस्तान के खिलाफ खड़े हैं, जबकि पूरी दुनिया भारत के साथ है। “अब हमें POK चाहिए, यह हमारी श्रद्धांजलि होगी उन शहीदों को जिन्होंने देश के लिए जान दी। हम जंग नहीं चाहते, लेकिन अब पाकिस्तान की जनता को तय करना होगा कि वो आईएसआई के खिलाफ खड़े हों।


