भगवान देवनारायण जयन्ती समारोह सोमवार को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। समारोह की शुरुआत दोपहर 1 बजे होगी। प्रोग्राम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेड़म करेंगे। कार्यक्रम देवनारायण जयन्ती समारोह समिति की ओर से 1113वीं जयंती पर आयोजित होगा। समारोह में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, हरियाणा सरकार के मंत्री राजेश नागर, पूर्व मंत्री अरुण चतुर्वेदी, विधायक दर्शन सिंह गुर्जर, पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, विधायक हंसराज पटेल, पूर्व मंत्री हेम सिंह भड़ाना, भाजपा राष्ट्रीय सचिव डॉ. अल्का गुर्जर, पूर्व महापौर मुनेश गुर्जर, विधायक रामावतार बैरवा, मध्यप्रदेश के रघुराज कसाना, हिमाचल प्रदेश के शिवपाल गुर्जर और अहमदाबाद के प्रकाश गुर्जर भी अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। समाज की प्रतिभाओं का होगा सम्मान
कार्यक्रम में समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। संयोजक प्रो. विक्रम सिंह गुर्जर ने बताया कि जयंती समारोह को लेकर बीते एक महीने से राज्यभर में जनसंपर्क अभियान चलाया गया है। प्रदेशभर से गुर्जर समाज के लोगों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से भगवान देवनारायण के संदेश को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। समारोह के पहले सत्र में राष्ट्रवादी चिंतक और विचारक हनुमान सिंह राठौड़ मुख्य वक्ता होंगे। प्रेसवार्ता में समाज के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए
समारोह की पूर्व संध्या पर आयोजित प्रेसवार्ता में भारतीय गुर्जर परिषद राजस्थान के प्रदेश संयोजक मोहनलाल बागड़ी, अंतर्राष्ट्रीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल देवानंद गुर्जर, राजस्थान गुर्जर महासभा के मोहनलाल वर्मा, अखिल भारतीय वीर गुर्जर महासभा के मनीष भरगढ़, अखंड भारत गुर्जर महासभा के देवनारायण गुर्जर, राजस्थान पथिक सेना के शंकर बजाड़, जीवनराम मावरी, नवरत्न बारवाल, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता आंचल अवाना और श्री देवनारायण जनकल्याण संस्थान राजस्थान के महामंत्री हरिनारायण मणकस मौजूद रहे।


