बिना अनुमति आवासीय कॉलोनी कमर्शियल जोन में बदल रहींं:छिंदवाड़ा में हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में अनदेखी, फैक्ट्री-शोरूम चल रहे

छिंदवाड़ा में एमपी हाउसिंग बोर्ड कॉरपोरेशन द्वारा चंदनगांव में विकसित की गई आवासीय कॉलोनी अब धीरे-धीरे कॉमर्शियल जोन में तब्दील होती जा रही है। बोदरी पुल से लगी इस पूरी कॉलोनी में जहां केवल आवासीय गृह निर्माण की अनुमति थी, वहां अब अवैध फैक्ट्रियां, शोरूम और दुकानें संचालित की जा रही हैं। हाउसिंग बोर्ड ने इस क्षेत्र में आवासीय कॉलोनी के साथ अलग स्थान पर कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया था, लेकिन बोदरी पुल से लगी कॉलोनी में सभी प्लॉट केवल आवासीय उपयोग के लिए ही बेचे गए थे। इसके बावजूद अब कई मकानों को मॉडिफाई कर व्यवसायिक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। न हाउसिंग बोर्ड की अनुमति, न निगम की मंजूरी
नियमों के अनुसार आवासीय कॉलोनी में फैक्ट्री, शोरूम या दुकान संचालन के लिए एमपी हाउसिंग बोर्ड और नगर निगम दोनों की अनुमति आवश्यक होती है। लेकिन चंदनगांव हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में चल रही इन गतिविधियों के लिए किसी भी प्रकार की वैधानिक अनुमति जारी नहीं की गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि यहां पिछले कई वर्षों से फैक्ट्रियां और दुकानें संचालित हो रही हैं, बावजूद इसके न तो नगर निगम और न ही हाउसिंग बोर्ड कॉरपोरेशन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई की गई है। नई और पुरानी दोनों हाउसिंग बोर्ड कॉलोनियों में हालात एक जैसे बने हुए हैं। नियमों की अनदेखी से रहवासियों को हो रही परेशानी
आवासीय क्षेत्र में व्यवसायिक गतिविधियों के कारण शोर, प्रदूषण और ट्रैफिक की समस्या बढ़ती जा रही है। इससे कॉलोनी के रहवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले में नगर निगम आयुक्त सीपी राय ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने बताया कि कागजात और अनुमति से संबंधित जानकारी जुटाकर संबंधितों को नोटिस जारी किए जाएंगे। साथ ही आवासीय योजनाओं में हो रहे अवैध व्यवसायिक उपयोग और निर्माण पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *