भास्कर न्यूज | धालभूमगढ़ धालभूमगढ़ प्रखंड के काशिदा स्थित संत जोसेफ कॉन्वेंट इंग्लिश स्कूल की छात्रा मीनाक्षी कुमारी झा ने दसवीं बोर्ड परीक्षा में 99.6% अंक प्राप्त कर न केवल अपने स्कूल, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वह घाटशिला अनुमंडल की टॉपर है। खास बात यह है कि मीनाक्षी ने यह सफलता बिना किसी ट्यूशन के, सिर्फ अपनी मेहनत, आत्मविश्वास और परिवार के सहयोग से हासिल की है। धालभूमगढ़ निवासी मीनाक्षी ने बताया कि उन्होंने पढ़ाई के दौरान अपने बड़े भाई-बहनों से मार्गदर्शन लिया। जब भी कोई कठिनाई आती थी, वह अपनी बड़ी दीदी से पूछती थीं और यूट्यूब की मदद से सवालों को हल करती थीं। नियमित रूप से स्कूल के अलावा प्रतिदिन 6 से 7 घंटे खुद से पढ़ाई करती थीं। इस मेहनत का ही नतीजा है कि वह जिले की टॉपर बनीं। मीनाक्षी चार भाई-बहनों में सबसे छोटी हैं। उनके परिवार में शिक्षा को लेकर विशेष वातावरण है। उनकी बड़ी बहन अंजली कुमारी झा ने भी दसवीं की परीक्षा में 97.4% अंक प्राप्त किए थे और अब भुवनेश्वर स्थित एम्स में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं। बड़े भाई दिव्यांशु कुमार झा ने 2020 में 99% अंकों से दसवीं पास किया था और वर्तमान में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं। वहीं छोटे भाई आनंद कुमार झा ने भी 2023 में 97.2% अंक के साथ दसवीं परीक्षा उत्तीर्ण की थी। मीनाक्षी के पिता संजय कुमार झा एक चिकित्सक हैं। वे राजनगर सरकारी अस्पताल में चिकित्सा पदाधिकारी के रूप में पदस्थापित है। मां ममता झा एक गृहिणी हैं। मीनाक्षी का कहना है कि उनके जीवन के सबसे बड़े प्रेरणा स्रोत उनके माता-पिता हैं। वह बचपन से ही हर कक्षा में अव्वल रही हैं और अब उनका सपना है कि वह एक दिन इंजीनियर बनें और देश के विकास में अपना योगदान दें। छात्रा की उपलब्धि पर पूरे स्कूल प्रशासन, परिजन और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। स्कूल के प्राचार्य ने मीनाक्षी को एक अनुकरणीय छात्रा बताया और कहा कि उसकी सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा देगी।


