राजधानी में वाहन सवार को जाम से निजात दिलाने के लिए तीन फ्लाईओवर बनाए गए हैं। वाहनों का परिचालन भी शुरू करा दिया गया है। पर किसी भी फ्लाईओवर पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। केबलिंग नहीं होने से फ्लाईओवर के नीचे भी कैमरे नहीं लगाए गए हैं। ऐसे में फ्लाईओवर के ऊपर व नीचे से परिचालन आने-जाने वालों को सुरक्षा देना एक बड़ी चुनौती है। फ्लाईओवर पर सीसीटीवी कैमरा नहीं होने की वजह से तेज रफ्तार में चलने वाले वाहन सवार पर नजर रख पाना मुश्किल हो रहा है। दुर्गा पूजा में सभी प्रमुख सड़कों पर अत्यधिक भीड़ रहती है। ऐसे में अनियंत्रित वाहन सवार पर अगर लगाम नहीं लगाए गए तो अक्सर दुर्घटना होने की आशंका बनी रहेगी। फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार में वाहन सवार के परिचालन करने की जानकारी ट्रैफिक पुलिस को भी है। यही वजह है कि वाहन सवार के रफ्तार को कम करने के लिए पुलिस के प्रयास से फ्लाईओवर पर बीच-बीच में रंबल स्ट्रीप लगाए गए हैं। दुर्गा पूजा के दौरान रैश ड्राइविंग करने वालों से सख्ती से निपटने की भी ट्रैफिक पुलिस ने तैयारी की है। इसके लिए विभिन्न जगहों को चिन्हित किया गया है जहां अतिरिक्त जवानों की तैनाती का प्लान है। रैश ड्राइविंग करते हुए पकड़े गए वाहन सवार के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई होगी। ए सएसपी चंदन सिन्हा ने कहा है कि कहीं भी कोई वाहन सवार रैश ड्राइविंग या नशे की हालत में गाड़ी चलाते हुए पकड़े जाते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई होना तय है। रांची पुलिस लगातार लोगों से आग्रह कर रही है कि वाहन सवार ट्रैफिक नियमों का पालन करें। किसी भी हाल में नशे की हालत में गाड़ी न चलाएं। इसके बावजूद कोई नियम तोड़ता है तो उसके साथ पुलिस सख्ती से पेश आएगी। फ्लाईओवर पर बढ़ेगी पेट्रोलिंग फ्लाईओवर पर स्टंट करने और गाड़ी चलाते हुए रिल्स बनाने वालों पर नजर रखने के लिए संबंधित थानेदार को आदेश दिया गया है। स्टंट करने वाले वाहन सवार को रोकने के लिए फ्लाईओवर पर पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा बाइक दस्ता को भी वहां भ्रमणशील रखा जाएगा ताकि कोई भी नियम तोड़ने का प्रयास करता है तो उसे पकड़ा जा सके। कांटाटोली और सिरमटोली के अलावा रातू रोड फ्लाईओवर से आने-जाने वाले वाहन सवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वहां पुलिस की विशेष नजर होगी।


