भास्कर न्यूज |लुधियाना अवैध तरीके से दवाइयां बेचने वाले युवक को थाना मोती नगर की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से नशीली दवाइयां बरामद हुई हैं। जांच अधिकारी सेठी कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डेंटल कॉलेज के पास एक युवक बिना लाइसेंस के दवाइयां बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। वहां आरोपी को प्रेगाबालिन कैप्सूल बेचते हुए रंगे हाथों काबू कर लिया गया। पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से प्रेगाबालिन कैप्सूल के 28 पत्ते बरामद हुए। इसके बाद आरोपी की एक्टिवा (नंबर PB-91-4614) को भी कब्जे में ले लिया गया। आरोपी को थाने लाकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान नितीश कुमार पुत्र उमा शंकर, निवासी मुस्लिम कॉलोनी के रूप में बताई है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।


