भास्कर न्यूज | खड़गवां ग्राम पंचायत खड़गवां के आधीबर में महामाया गेट से बिजली विभाग ऑफिस के आगे तक विद्युत विभाग के ठेकेदार लाइन विस्तार के साथ नए केबल लगाने का कार्य कर रहे हैं। इस दौरान करीब 20 फीट ऊंचे खंभों पर मजदूरों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के चढ़ाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमों के अनुसार ऐसे कार्य में मजदूरों को जूते, बेल्ट, हेलमेट, ग्लब्स और अन्य सुरक्षा सामग्री उपलब्ध कराना अनिवार्य है। बावजूद इसके, ठेकेदार सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। कार्य के तहत नए खंभे लगाए जा रहे हैं और उन पर डीपी लगाकर घरों तक कनेक्शन के लिए केबल डाला जा रहा है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि यदि कोई दुर्घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। इस लापरवाही से मजदूरों की जान पर खतरा मंडरा रहा है। इस संबंध में सीएसपीडीसीएल के खड़गवां जेई मुकेश मरावी ने कहा िक यह कार्य ठेकेदार करवा रहे हैं, सुरक्षा उपकरण देना चाहिए, मैं ठेकेदार से कहता हूं।


