भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर बैकुंठपुर में एसपी रवि कुमार कुर्रे ने पुलिस जवानों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि अब पुलिसकर्मी भी आम वाहन चालकों की तरह बिना हेलमेट वाहन चलाते पाए गए तो उन पर चालानी कार्रवाई के साथ-साथ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। इसका असर संबंधित पुलिसकर्मी के गोपनीय चरित्र प्रतिवेदन (सीआर) पर भी पड़ेगा, जो पदोन्नति और पुरस्कारों में बाधक बन सकता है। एसपी कुर्रे ने कहा कि पुलिसकर्मी समाज में कानून के रक्षक होते हैं, इसलिए उन्हें स्वयं यातायात नियमों का आदर्श उदाहरण बनना चाहिए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने अधीनस्थों को ड्यूटी और व्यक्तिगत जीवन में अनुशासित रखें और लोगों से संवेदनशील व्यवहार करें। साथ ही, एसपी ने शासकीय वाहनों एवं चालकों का भी निरीक्षण किया। वाहन की मरम्मत, ड्राइवर डायरी और टूल्स की जांच कर बेहतर रखरखाव के लिए आरआई एवं एमटीओ को दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि किसी भी पुलिस जवान को बिना हेलमेट बाइक चलाते हुए पाए जाने पर सख्त विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। परेड के बाद एसपी ने ओआर. पेशी में पुलिस जवानों की समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। पुलिस लाइन में आयोजित जनरल परेड में एसपी रवि कुमार कुर्रे के साथ एएसपी पंकज पटेल, डीएसपी अजाक नेलशन कुजूर, राजेश साहू, श्याम लाल मधुकर, रक्षित निरीक्षक नीतीश आर. नायर सहित यातायात, पुलिस लाइन एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। परेड का निरीक्षण रक्षित निरीक्षक द्वारा एसपी को सलामी देकर प्रारंभ हुआ, उसके बाद सभी टुकड़ियों ने मार्च पास्ट किया। एसपी ने वर्दी, अनुशासन और परेड की पूरी जांच की। श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जवानों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। इसके साथ ही, लॉ एंड ऑर्डर में तैनात स्क्वॉड का ड्रिल अभ्यास भी कराया गया।


