भास्कर न्यूज | जांजगीर शासकीय प्राथमिक शाला कुम्हारपारा बलौदा की सहायक शिक्षिका दिव्या सिंह को 2 जनवरी 2023 से लगातार अनुपस्थित रहने के कारण निलंबित कर दिया गया है। उनके लगातार अनुपस्थित रहने पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और बलौदा बीईओ ने जांच कराई थी। जांच प्रतिवेदन के बिंदु क्रमांक 5 में दी गई जानकारी के अनुसार, दिव्या सिंह ने शासकीय प्राथमिक शाला कुम्हारपारा बलौदा में 14 जुलाई 2016 को कार्यभार ग्रहण किया था। तब से अब तक लगभग 8 वर्षों के सेवाकाल में लगभग 1 वर्ष अपनी सेवा में उपस्थित रहीं और लगभग 5 वर्ष मातृत्व अवकाश, संतान पालन अवकाश, भैषेजिक अवकाश में रहने का उल्लेख किया गया है। जबकि उनकी सेवा पुस्तिका में किसी प्रकार के अवकाश स्वीकृति का उल्लेख नहीं है। इसके बाद वे 2 जनवरी 2023 से अब तक अनुपस्थित हैं। इस दौरान डीईओ कार्यालय से उन्हें तीन बार नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया, पर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। ऐसे में उनके लंबे अवकाश और अनुपस्थिति को देखते हुए छात्र और संस्था हित में संबंधित शिक्षिका को शासकीय सेवा से पदमुक्त कर दिया गया।


