पाली में चिकित्सा विभाग के ग्रीष्मकालीन विशेष अभियान के तहत शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पुनायता क्षेत्र स्थित कैलाश एक्वा पानी पैकेजिंग यूनिट की जांच की। टीम ने मौके से पानी के चार सैंपल लेकर जांच के लिए जोधपुर लैब भेजे और 4164 लीटर पानी की बोतलें जब्त कीं। CMHO डॉक्टर विकास मारवाल ने बताया कि पैकेजिंग यूनिट में न तो आईएसआई सर्टिफिकेट मिला और न ही पानी की जांच रिपोर्ट। यह भारतीय खाद्य मानक अधिनियम 2006 व विनियम 2011 के नियमों का उल्लंघन है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेश चंद्र शर्मा और दिलीप सिंह यादव की टीम ने कार्रवाई की। लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। CMHO ने बताया कि यह विशेष अभियान 2 मई तक जारी रहेगा।


