चरखी दादरी जिले के गांव दगडौली में जलघर के समीप बने वाटर रिचार्ज टैंक में डूबने से प्रवासी चरवाहे की मौत हो गई। घटना की जानकारी डायल 112 पर दी। सूचना मिलने पर झोझू कलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को टैंक से बाहर निकलवाया गया। जिसके बाद कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए चरखी दादरी सिविल अस्पताल भिजवाया और शव का पोस्टमॉर्टम करवाया। मृतक की पहचान राजस्थान के डिडवाना जिले के ग्रासी वासनी के रहने वाले 22 वर्षीय तौसीब के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार तौसीब अपने तीन साथियों के साथ भेड़-बकरियां चराने के लिए राजस्थान से हरियाणा आया था। कपड़े धोते समय फिसला पैर वे चरखी दादरी जिले के गांव दगडौली के खेतों में मवेशियों को चरा रहे थे। उसी दौरान शनिवार को वह और उसके साथी वहां बने वाटर रिचार्ज टैंक के समीप कपड़े धो रहे थे। उसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह टैंक में डूब गया। पुलिस पहुंची मौके पर बाद में वहां पर मौजूद उसके साथियों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग वहां पहुंचे और डायल 112 पर कॉल कर घटना की जानकारी दी। जिसके बाद शव को बाहर निकालने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम भी दगडौली पहुंची। लेकिन वाटर टैंक तक जाने के लिए रास्ता नहीं होने के कारण वापस लौट गई। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर चरखी दादरी सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करवाया है। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है। इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की झोझू कलां थाना प्रभारी बलवान सिंह ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम करा दिया गया है। कपड़े धोते समय उसके साथ घटना हुई। रविवार को मृतक के परिजनों के पहुंचने पर बयान दर्ज होंगे और फिलहाल इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है।


