भास्कर संवाददाता| अकोदिया स्टेट हाईवे क्रमांक 41 पर ग्राम मुंडलाय में मंगलवार रात प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। जानवरों को खिलाने के नाम पर ले जाए जा रहे बियर के अपशिष्ट से भरे दो वाहन पकड़े गए। तहसीलदार रितेश जोशी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में करीब 300 किलो से अधिक अपशिष्ट जब्त किया गया। सलसलाई थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। प्रशासन को सूचना मिली थी कि बियर के अपशिष्ट के दाने चारे के रूप में ले जाए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही तहसीलदार मौके पर पहुंचे। दो वाहनों की जांच की गई। दोनों में बड़ी मात्रा में दाने मिले। वाहनों को जब्त कर थाने लाया गया। इसके बाद शाजापुर से फल निरीक्षक, खाद्य विभाग, आबकारी विभाग और अन्य अधिकारी थाने पहुंचे। देर रात तक दस्तावेजों की जांच होती रही। अधिकारी करीब पांच घंटे तक थाने में मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि जांच जारी है। आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।


