भास्कर संवाददाता | भैरूंदा शांति व्यवस्था मजबूत करने और भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स की 107 बटालियन ने जिले में परिचय अभ्यास शुरू किया है। यह अभ्यास 15 दिसंबर से 19 दिसंबर तक चलेगा। गृह मंत्रालय के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। कमाण्डेंट जगदीश प्रसाद बलाई के नेतृत्व में दो टीमें जिले के सभी थानों का दौरा कर रही हैं। सहायक कमाण्डेंट नंदी बाबू ओगिराला ने बताया कि अभ्यास के दौरान टीमें क्षेत्र का सूक्ष्म विश्लेषण कर रही हैं। इसी क्रम में भैरूंदा में एसपी दीपक कुमार शुक्ला और थाना प्रभारी घनश्याम दांगी की मौजूदगी में फ्लैग मार्च निकाला गया। अभ्यास के दौरान जनसंख्या, साक्षरता दर और राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़ा डेटा जुटाया जा रहा है। साथ ही सांप्रदायिक दृष्टि से संवेदनशील और अति-संवेदनशील इलाकों की सूची तैयार की जा रही है। दंगाइयों और उपद्रवियों की जानकारी भी अपडेट की जा रही है। इसका मकसद आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। क्षेत्र का नक्शा भी बना रहे इसके अलावा पूरे क्षेत्र का नक्शा तैयार करना, जिससे किसी भी अप्रिय घटना के समय बल को मौके पर पहुंचने में कोई असुविधा न हो। ओगिराला ने जानकारी दी कि इस अभ्यास के माध्यम से सिविल प्रशासन और स्थानीय पुलिस के साथ बेहतर तालमेल बिठाया जा रहा है। रैपिड एक्शन फोर्स की टीम क्षेत्र के राजनीतिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और जीवन रक्षक संस्थानों की भी जानकारी जुटा रही है। इसका मुख्य लक्ष्य आम जनता के बीच प्रशासन और पुलिस के प्रति विश्वास को और अधिक मजबूत करना है। इसी उद्देश्य से फोर्स ने नगर के जेपी मार्केट, रॉयल मार्केट, आजाद मार्केट, बंगाली चौराहा, मुस्लिम मोहल्ला, गांधी चौक, छोटा बाजार, किसान मोहल्ला, इंदौर रोड, सीहोर रोड, बजरंग कुटी, शास्त्री कॉलोनी, नीलकंठ रोड सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई थाना परिसर पहुंची।


