भास्कर न्यूज|कोडरमा जिला प्रशासन द्वारा स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान एवं पोषण माह के तहत बिरहोर जनजातीय परिवारों के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य बिरहोर समुदाय को सरकारी योजनाओं से जोड़ना एवं उन्हें मुख्यधारा में लाना रहा। शिविर का उद्घाटन उपायुक्त ऋतुराज, अपर समाहर्ता पूनम कुजुर, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कनक कुमारी तिर्की, जिला सहकारिता पदाधिकारी रूमा झा और नगर परिषद झुमरी तिलैया के प्रशासक अंकित गुप्ता की उपस्थिति में हुआ। अ तिथियों का स्वागत पौधा भेंटकर किया गया। उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि सरकार की कई महत्वाकांक्षी योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में लाभुक वंचित रह जाते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिरहोर परिवारों के लिए पेंशन, कन्यादान योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, छात्रवृत्ति और अन्य योजनाओं के आवेदन तुरंत भरवाए जाएं। साथ ही, सभी बच्चों के आधार कार्ड, राशन कार्ड तथा गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने को कहा। इस मौके पर बिरहोर महिलाओं के लिए बिरसा महिला मंडल और सरहुल महिला मंडल नामक दो स्वयं सहायता समूह बनाए गए, जिनके स्वीकृति पत्र उपायुक्त ने सौंपे। बच्चों के बीच शिक्षा किट और वस्त्र तथा महिलाओं के बीच डस्टबिन का वितरण भी किया गया। दो महिलाओं की गोद भराई की रस्म कराई गई और आंगनबाड़ी केंद्र के मरम्मतीकरण का निर्देश भी दिया गया। बिरहोर टोला में पेवर ब्लॉक और चबूतरा योजना को भी स्वीकृति दी गई। शिविर में स्वास्थ्य, पशुपालन, मत्स्य, समाज कल्याण, बैंक, आधार कार्ड और आयुष्मान कार्ड से जुड़े विभागों के स्टॉल लगाए गए, जिनका उपायुक्त ने निरीक्षण किया और अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं से आच्छादित करने पर जोर दिया।इस अवसर पर जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और नगर परिषद झुमरी तिलैया के कर्मचारी उपस्थित रहे।


