बिलासपुर के भारतीय नगर मुक्तिधाम का 60 लाख में सौंदर्यीकरण:अग्रवाल महासभा ने शमशान घाट को लिया गोद, चबूतरा, गार्डन, कुर्सी, शेड का किया जाएगा निर्माण

बिलासपुर के भारतीय नगर मुक्तिधाम अब अव्यवस्थित नजर नहीं आएगा। जल्द ही यह मुक्तिधाम नए स्वरूप में नजर आएगा। अग्रवाल महासभा ने इसे गोद लेकर सुधार कार्यों की जिम्मेदारी उठाई है। नगर निगम द्वारा आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा करने के बाद मुक्तिधाम समाज को सौंपा जा रहा है। समाज ने भी लगभग 60 लाख की लागत से विकास कार्य शुरू कर दिया है और पूरे मुक्तिधाम का मेंटेनेंस अब समाज ही करेगा। मुक्तिधाम परिसर में गार्डन, कुर्सियों के साथ बैठने की सुविधा, पक्की सड़कें, सफाई व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, पंखों से युक्त शेड, पक्का शेड, समुचित पार्किंग और सीसीटीवी सहित अन्य सभी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। निगम आयुक्त अमित कुमार ने मौके का निरीक्षण किया। आयुक्त को सीए आनंद अग्रवाल ने पूरे कार्यों की जानकारी दी। अंतिम संस्कार के लिए 10 चबूतरे, कुर्सियां और ओपन शावर बनेगा
सीए आनंद ने बताया कि समाज द्वारा मुक्तिधाम परिसर में हरियाली बढ़ाने के लिए पौधरोपण और एक ऑक्सीजोन विकसित किया जा रहा है। शवों के अंतिम संस्कार के लिए 10 चबूतरों का निर्माण, 25 सीमेंटेड कुर्सियां, सुंदर गार्डन, पेयजल की व्यवस्था, वाशबेसिन और स्नान के लिए ओपन शॉवर की सुविधा तैयार की जा रही है। साथ ही पूरे परिसर में लाइट, पंखा, वाटर कूलर, सीसीटीवी कैमरे और मजबूत शेड की व्यवस्था भी की जा रही है। जरूरतमंदों को मिलेगी मदद, 12-15 कर्मचारी रखे जाएंगे
अग्रवाल ने बताया कि मुक्तिधाम में लावारिश या बेहद जरूरतमंद लोगों के लिए लकड़ी, कपड़ा और अन्य आवश्यक सामग्री समाज की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी। सभी व्यवस्थाओं ‘मेंटेनेंस, साफ-सफाई, पानी, बिजली, पार्किंग और सुरक्षा’ को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 12 से 15 कर्मचारियों की टीम तैनात की जा रही है। इनके वेतन और संचालन पर हर महीने करीब 1.50 लाख रुपए का खर्च आएगा, जिसका वहन समाज करेगा। अमर अग्रवाल करेंगे लोकार्पण
बैठक में तय किया गया कि जल्द ही नगर विधायक अमर अग्रवाल, कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित अन्य अतिथियों की मौजूदगी में मुक्तिधाम का विधिवत लोकार्पण किया जाएगा। समाज के लोगों ने बताया कि मुक्तिधाम के नियमित मेंटेनेंस पर हर महीने लगभग 1.50 लाख रुपए खर्च आएगा। निरीक्षण व बैठक में अग्रवाल सभा के अध्यक्ष शिवकुमार अग्रवाल, अग्रवाल सेवा समिति के सीए आनंद अग्रवाल, अजय जाजोदिया, सीए राजुल जाजोदिया, मनीष अग्रवाल और ललित अग्रवाल मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *