बिलासपुर में विधायक अमर अग्रवाल के प्रयासों से विकास के लिए 2 करोड़ रुपए से अधिक की स्वीकृति मिली है, जिससे शहर के सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक और आधारभूत ढांचे को सशक्त बनाने की कोशिश होगी। विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि हमारी सोच केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारा उद्देश्य हर समाज, हर मोहल्ले और हर वर्ग को सशक्त बनाना है। उन्होंने बताया कि शहर के शिक्षा क्षेत्र में 45.50 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है, जिसमें लाला लाजपत राय स्कूल, स्वामी आत्मानंद स्कूल, बंगाली स्कूल, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय, और अन्य शासकीय स्कूलों में सामग्री क्रय, कक्ष निर्माण एवं अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। सामुदायिक उपयोग के लिए मिले 56 लाख
इसी प्रकार सामुदायिक उपयोग के लिए 56 लाख रुपए की राशि नवयुवक कान्य कुब्ज विकास समिति, अज्ञेय नगर पार्क के पीछे, अटल वाटिका के समीप, और वार्ड नं. 43 के सामुदायिक भवनों के विकास कार्यों के लिए स्वीकृत की गई है। सामाजिक भवनों के निर्माण और उन्नयन के लिए 90 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इसमें वाल्मीकि समाज, चंद्रपुरिया कसौंधन वैश्य समाज, कायस्थ समाज, सतनामी समाज, अहिरवार समाज, एवं श्रीवास समाज के सामाजिक भवन शामिल हैं। इन भवनों के निर्माण से समाजों को सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों के लिए आवश्यक ढांचा मिलेगा। शहर में खुलेगा ओपन जिम
इसके अलावा नगर में ओपन जिम एवं अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियों के लिए 13 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। ये सुविधाएं नागरिकों के स्वास्थ्य और सामुदायिक जुड़ाव को सशक्त करेंगी। नगर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर के चहुंमुखी विकास के लिए यह स्वीकृतियां एक मजबूत आधार बनेंगी। शिक्षा, सामाजिक समरसता और नागरिक सुविधाओं के संतुलित विकास के लिए हम संकल्पित हैं। जनता की अपेक्षाओं और आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए हम बिलासपुर को एक आदर्श, स्मार्ट और मानव केंद्रित शहर के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।


