बिलासपुर जिले के बेलतरा विधानसभा के रतनपुर स्थित गोंदइया में एनीकट बनाने के लिए राज्य शासन से प्रशासकीय मंजूरी दे दी है। इस काम में 12 करोड़ 1 लाख 94 हजार की लागत आएगी। एनीकट बनने से आसपास के 80 हेक्टेयर खरीफ फसल और 55 हेक्टेयर रबी फसल का सोलर पंप के माध्यम से सिंचाई किया जा सकेगा। साथ ही भूजल संवर्धन, निस्तारी और आवागमन की भी सुविधा लोगों को मिलेगी। विधायक सुशांत शुक्ला की मांग पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने क्षेत्रवासियों को यह सौगात दी है। बता दें कि, 2023-24 के बजट में गोंदइया एनीकट को शामिल किया गया था। लेकिन, प्रशासकीय स्वीकृति नहीं मिल पाई थी। जिसके बाद विधायक सुशांत शुक्ला ने वित्त मंत्री को प्रशासकीय स्वीकृति के लिए पत्र लिखा। बजट में किया गया था शामिल इसमें कहा था कि, मेरे विधानसभा क्षेत्र बेलतरा में साल 2023-24 में गोंदईया एनीकट निर्माण कार्य योजना बजट में शामिल किया गया है। उक्त योजना से 80 हेक्टेयर खरीफ फसल और 55 हेक्टेयर रबी फसल का सोलर पंप के माध्यम से सिंचाई प्रस्तावित है। एनीकट के निर्माण से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलने के साथ-साथ आस-पास के क्षेत्रों का भू-जल स्तर बढ़ेगा। साथ ही अरपा नदी में जल प्रवाह साल भर बनाये रखने में मदद मिलेगी। बेलतरा क्षेत्र के विकास के लिए कई काम विधायक सुशांत शुक्ला लगातार प्रयासरत हैं। क्षेत्र के ऐसे कई जनहित से जुड़े मुद्दे हैं जिन्हें कम समय में स्वीकृत कराने में विधायक शुक्ला ने सफ़लता हासिल की है। विधायक के वित्त मंत्री को लिखे पत्र के 90 दिन के भीतर ही एनिकट निर्माण कार्य को स्वीकृति मिल गई। इसी तरह ग्राम पंचायत नगोई में उपतहसील की घोषणा और चांटीडीह में अन्नपुर्णा दाल भात केंद्र खोले जाने जैसे जनहित से जुड़े काम शामिल हैं। विधायक सुशांत शुक्ला ने नए साल के जनवरी माह में वित्त मंत्री ओपी चौधरी को पत्र लिखकर प्रशासकीय स्वीकृति देने का आग्रह किया था। प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के बाद विधायक सुशांत शुक्ला ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप और वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार व्यक्त किया है।


