बिलासपुर में उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं से गर्मी से राहत मिली। इससे मौसम का मिजाज अचानक बदल गया और रात में ठंड महसूस हुई। वहीं, दोपहर में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज होने से धूप की चुभन कम हुई। बता दें कि पिछले पांच दिनों से तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही थी, जिससे गर्मी का एहसास होने लगा था। जिले में बुधवार की शाम अचानक हवाएं चली, जिससे मौसम का मिजाज बदल गया। रात हल्की ठंड बढ़ गई। वहीं, गरुवार की सुबह हुई तो ठंड का अहसास हुआ। उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं के चलते दोपहर में तापमान कम रहा। जिससे दिन में धूप का अहसास कम हुआ। लोगों को इससे काफी राहत मिली। वहीं, बीते पांच दिनों से लगातार तापमान में वृद्धि का सिलसिला टूट गया। दोपहर में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 29.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। यह पांच डिग्री कम रहा। हालांकि, रात में तापमान बुधवार की तरह स्थिर रहा। न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेकिन, ठंडी हवाओं से ठंड का असर दिखा। विक्षोभ के असर से बढ़ेगा तापमान मौसम विभाग के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ 70 डिग्री पूर्व और 25 डिग्री उत्तर में निम्न और मध्य क्षोभमंडल में स्थित है। इसका प्रभाव धीरे-धीरे खत्म होने के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर प्रारंभ हो चुका है। उत्तर छत्तीसगढ़ से इसकी शुरुआत हुई है। यही कारण है कि बिलासपुर में धूप का असर कम महसूस हुआ। फरवरी के प्रारंभ में जिस तरह सूर्य ने अपना असर दिखाया,ऐसा लगा जैसे गर्मी और विकराल होगी। लेकिन, गुरुवार को जिस तरह से मौसम में बदलाव आया। आमजनों को इससे काफी राहत मिली। हालांकि, तापमान में गिरावट का दौर केवल एक दिन और रहने वाला है। सात फरवरी को उत्तर छत्तीसगढ़ में तीन से चार डिग्री मध्य छत्तीसगढ़ में दो से तीन डिग्री और दक्षिण छत्तीसगढ़ में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। इस अवधि में मौसम शुष्क रहेगा। आज से एक नया पश्चिमी विक्षोभ मौसम वैज्ञानिकों का यह भी कहना है कि एक दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 8 फरवरी को प्रभावित करने के कारण न्यूनतम तापमान में एक बार पुनः वृद्धि होने की संभावना है। गर्मी का असर तेज होगा। मौसम विज्ञानी अब्दुल सिराज खान का कहना है कि विक्षोभ के असर से आसमान में बहुत हल्के बादल छाए रहेंगे। वर्षा जैसी कोई स्थिति नहीं है।


