बिलासपुर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का अंतिम चरण:तखतपुर-कोटा में दोपहर तक 35% मतदान; 697 केंद्रों पर वोटिंग जारी

बिलासपुर जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण में रविवार को मतदान जारी है। तखतपुर और कोटा जनपद पंचायत में दोपहर तक 35 प्रतिशत मतदान हुआ है। सुबह 7 बजे से शुरू हुए मतदान में पहले चार घंटों में कोटा में 27.50 प्रतिशत और तखतपुर में 24.45 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दोनों जनपद पंचायत क्षेत्रों के 697 मतदान केंद्रों पर वोटिंग हो रही है। इस चुनाव में जिला पंचायत सदस्य व अध्यक्ष पद के लिए कुल 6325 प्रत्याशी मैदान में हैं। तखतपुर में 4 सीटों पर मुकाबला है। क्षेत्र क्रमांक 6 पर कांग्रेस की देवी डड़सेना और भाजपा की ललिता कश्यप आमने-सामने हैं। क्षेत्र क्रमांक 7 पर कांग्रेस के शिवेंद्र कौशिक और भाजपा के विनोद क्षत्री के बीच सीधा मुकाबला है। क्षेत्र क्रमांक 8 से पूर्व सदस्य मीनू यादव और भारती माली चुनाव लड़ रही हैं। क्षेत्र क्रमांक 9 पर कांग्रेस की देवकली कुर्रे और भाजपा की अंबिका साहू के बीच टक्कर है। कोटा की तीनों सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। क्षेत्र क्रमांक 15 पर भाजपा के निरंजन पैकरा और कांग्रेस के रामचंद्र पैकरा, क्षेत्र क्रमांक 16 पर भाजपा की गीता बाई सलाम और कांग्रेस की रजनी मरकाम तथा क्षेत्र क्रमांक 17 पर भाजपा समर्थित सती पोर्ते और शांति मरकाम चुनाव लड़ रहे हैं। पिछले चुनाव में तखतपुर में कांग्रेस और भाजपा दोनों को दो-दो सीटें मिली थीं। कोटा में कांग्रेस ने सभी तीन सीटें जीती थीं। इस बार भाजपा के सत्ता में होने से चुनावी समीकरण बदले हुए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *