छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बुधवार की रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अनियंत्रित कार सीधे दुकान में जा घुसी। इस हादसे में दुकान संचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि कार बैक करते समय ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया, जिससे कार सीधे दुकान में घुस गई। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार दुकान में घुसते और कारोबारी छिटककर गिरते हुए दिख रहा है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार करबला रोड पर मां अंबे रेडीमेड कपड़े की दुकान है। बुधवार की रात करीब 9.30 बजे संचालक और कर्मचारी दुकान में मौजूद थे। सभी अपने काम में व्यस्त थे। उस समय सड़क पर लोगों की आवाजाही चल रही थी और गाड़ियां भी आ-जा रही थी। इस दौरान एक को उसका ड्राइवर बैक कर रहा था। कार बैक करते समय ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया, जिससे अनियंत्रित होकर कार पीछे से सीधे दुकान में घुस गई। कार के नीचे आया संचालक, बुरी तरह घायल
हादसे के समय दुकान के अंदर संचालक समेत कई कर्मचारी मौजूद थे। अचानक तेज रफ्तार कार दुकान में घुसने से सामान बिखर गया और शीशे टूट गए। इस दौरान मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। वहीं, दुकान संचालक कार के नीचे आकर घायल हो गया। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नाबालिग चला रहा था कार, लोगों में गुस्सा
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार नाबालिग लड़का चला रहा था। इस हादसे के बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान नाबालिग ने अपने परिजन को बुला लिया। इसके बाद वहं हंगामे की स्थिति बन गई। वहीं, नाबालिग और उसके परिजन उल्टा विवाद करने लगे। जिससे लोगों का आक्रोश भड़क गया। पुलिस मौके पर पहुंची, स्थिति को संभाला
इस घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। घायल दुकान संचालक को अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और नाबालिग वाहन चालक के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल, पुलिस यह जांच कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या वाहन पर नियंत्रण खोने की वजह से हुआ। साथ ही नाबालिग को वाहन सौंपने के मामले में कानूनी कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है।


