कोटपूतली में संभागीय आयुक्त पूनम ने गुरुवार शाम को कोटपूतली कलेक्ट्रेट कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं के प्रशासनिक कार्यों, अभिलेख संधारण, जनसुनवाई व्यवस्था और कार्मिकों की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान, संभागीय आयुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने यह भी कहा कि आमजन से जुड़े प्रकरणों का त्वरित और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए। उन्होंने कार्यों में अनुशासन एवं उत्तरदायित्व बनाए रखने पर जोर दिया। इसके अलावा, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रत्येक स्तर पर सुदृढ़ मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। उन्होंने डिजिटल माध्यमों के अधिकतम उपयोग से कार्यों को सरल, पारदर्शी और नागरिकों के लिए सुगम बनाने के निर्देश भी दिए। संभागीय आयुक्त ने रिकॉर्ड संधारण में शुद्धता और सुव्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि विभागीय कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि कार्यालय जनता के विश्वास का केंद्र है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को समय पर, ससम्मान और सुगमता से सेवा मिलनी चाहिए। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में दक्षता बढ़ाने के लिए नियमित मॉनिटरिंग, समय-सीमा पालन और फाइलों के डिजिटलीकरण तथा समस्त पत्रावलियों में ई-फाइल की प्रक्रिया को गति देने के भी निर्देश दिए। इस निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण और एसडीएम रामवतार मीणा सहित कलेक्ट्रेट के अन्य अधिकारी व कार्मिक मौजूद रहे।


