बिलासपुर जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मस्तूरी ब्लॉक में 17 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए पचपेड़ी आईटीआई भवन में स्ट्रांग रूम की व्यवस्था की गई है। स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर अवनीश शरण और एसपी रजनेश सिंह ने आज विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर और एसपी ने शुक्रवार को मस्तूरी ब्लॉक के सचिवों और कोटवारों के साथ बैठक की। मतदान केंद्रों में उचित व्यवस्था के निर्देश बैठक में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। मतदान केंद्रों में बिजली, पानी और स्वच्छता की उचित व्यवस्था के निर्देश दिए गए। मतदाताओं की सुविधा के लिए संकेतक चिन्हों की व्यवस्था भी की जाएगी। ‘चुनाव के दौरान गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं’ चुनाव प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए मतदाता जागरूकता अभियान ‘जाबो’ के तहत घर-घर जाकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। एसपी ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। स्ट्रांग रूम की व्यवस्था प्रशासन ने ग्रामीण मतदान के लिए डीएवी परसदा स्कूल और नगरीय निकाय चुनाव के लिए मल्हार स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में स्ट्रांग रूम की व्यवस्था की है। बैठक में सीईओ जिला पंचायत संदीप अग्रवाल, एसडीएम प्रवेश पैकरा, जनपद सीईओ भगत और तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


