बिलासपुर के कानन पेंडारी के पास दैनिक भास्कर और ओरा मेकर्स की ओर से “कवि के रंग, लाफ्टर के संग” थीम पर सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें मशहूर हास्य कलाकार चेतन चर्चित, सुरेश अलबेला, भुवन मोहिनी, वीआईपी और अहसान कुरैशी ने एक के बाद एक मंच संभालते हुए दर्शकों को हंसी से लोटपोट कर दिया। इस दौरान कवियों ने मंच से ऐसा समां बांधा कि पूरा पंडाल देर रात तक ठहाकों और तालियों से गूंजता रहा। ओरा मेकर्स द्वारा विकसित की जा रही न्यू टाउन के ग्रैंड लॉन्च पर हास्य कविताओं का मंच भी सजा। यह आयोजन केवल एक टाउनशिप के शुभारंभ तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसे “कवि के रंग, लाफ्टर के संग” थीम के तहत एक पूर्ण पारिवारिक सांस्कृतिक संध्या के रूप में प्रस्तुत किया गया। इस शानदार आयोजन का सफल संयोजन छैला जी ग्रुप द्वारा किया गया, जबकि दैनिक भास्कर इस आयोजन में मीडिया पार्टनर के रूप में मुख्य सहयोगी रहा। चेतन चर्चित ने ठहाकों से बांधा समां
कार्यक्रम की कमान संभालते हुए मशहूर हास्य कलाकार चेतन चर्चित ने अपने चुटीले अंदाज, सटीक टाइमिंग और बेबाक संवादों से दर्शकों को शुरू से अंत तक हंसाए रखा। समसामयिक विषयों, पारिवारिक रिश्तों और सामाजिक परिस्थितियों को हास्य के माध्यम से प्रस्तुत करते हुए उन्होंने हर वर्ग के दर्शकों को खुद से जोड़ लिया। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा “इस देश में राहुल गांधी के बाद अगर कोई समझदार आदमी है, तो वो मैं हूं।” तो वहीं अपनी हाइट पर चुटकी लेते हुए बोले “पउवा हूं तो क्या हुआ, पूरा बोतल का मजा देता हूं।” उनकी हर पंचलाइन पर पंडाल तालियों और ठहाकों से गूंज उठा। चेतन चर्चित ने यह साबित कर दिया कि साफ-सुथरा और पारिवारिक हास्य आज भी दर्शकों की पहली पसंद है। सुरेश अलबेला की कॉमिक प्रस्तुति ने किया लोटपोट
अपने अनोखे हाव-भाव और देसी अंदाज़ के लिए प्रसिद्ध सुरेश अलबेला ने मंच पर आते ही दर्शकों को हंसी के समंदर में डुबो दिया। उन्होंने कहा “सेल्फी लेते समय लड़कियों का और गांव में बीड़ी पीते बुजुर्गों का मुंह एक जैसा बन जाता है। “हम जैसे हास्य कवियों का कुलदेवता राहुल गांधी है।” उनकी कॉमिक स्टाइल, चेहरे के भाव और रोज़मर्रा की ज़िंदगी से जुड़े किस्सों ने बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को खूब गुदगुदाया। हर पंचलाइन पर तालियों की गूंज सुनाई देती रही। भुवन मोहिनी की कविताओं ने छुआ दिल
हास्य और संवेदनाओं का खूबसूरत संगम लेकर मंच पर आईं भुवन मोहिनी ने अपनी काव्य प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” कहते हुए उन्होंने कविता पाठ की शुरुआत की और कहा “फोटोग्राफर वही बनते हैं, जिन्हें दूसरे के घर में ताक-झांक करने की आदत होती है।” उनकी कविताओं में हल्का-फुल्का हास्य भी था और जीवन की गहरी भावनाएं भी। रिश्तों, समाज और नारी मन को उन्होंने इतनी सहजता से प्रस्तुत किया कि पूरा पंडाल शांत होकर उन्हें सुनता रहा। वीआईपी की मिमिक्री ने बढ़ाया मनोरंजन का स्तर
हास्य कलाकार वीआईपी ने अपनी चुटीली बातों और शानदार मिमिक्री से दर्शकों को जमकर हंसाया। उन्होंने हिंदी और साउथ फिल्मों के कलाकारों, नेताओं, सिंगर्स, लालू यादव, बाइक, पायल, कुत्ते जैसी अनेक आवाज़ों की नकल कर मंच पर खूब तालियां बटोरीं। उनकी प्रस्तुति में आम आदमी की रोजमर्रा की परेशानियां, सामाजिक व्यवहार और राजनीतिक कटाक्ष बेहद रोचक अंदाज़ में सामने आए। अहसान कुरैशी ने कहा बिलासपुर से है पुराना नाता
देश के जाने-माने हास्य कलाकार अहसान कुरैशी ने अपने खास अंदाज़ में दर्शकों को हंसी से लोटपोट कर दिया। उन्होंने कहा “हम बिलासपुर को बहुत प्यार करते हैं। यहां हर तरह के लोग हैं।” मजाकिया लहजे में कहा कि “बिलासपुर में मेरे साढ़ू भाई रहते हैं, मतलब एक ही प्रोडक्ट के दो लुटे हुए लोग। “कार्यक्रम बिना ताली के अच्छा नहीं लगता और ससुराल बिना साली के अच्छा नहीं लगता,” जैसे शायराना संवादों पर पूरा पंडाल ठहाकों से गूंज उठा। कार्यक्रम में ये अतिथि रहे मौजूद
कार्यक्रम का शुभारंभ अंबा माता आरोग्य धाम के महामंडलेश्वर स्वामी सुरेशानंद सरस्वती महाराज, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष रजनीश सिंह, पूर्व विधायक शैलेश पांडेय, सुनील छाबड़ा, क्रेडाई अध्यक्ष सुशील पटेरिया, सुहेल हक एवं शिव अग्रवाल द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर न्यू टाउन के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर राजेश देवांगन तथा सीओओ अदिति चटर्जी ने मंच से सभी अतिथियों और शहरवासियों का आत्मीय स्वागत करते हुए न्यू टाउन की परिकल्पना, उद्देश्य और विशेषताओं की जानकारी दी।


