बिलासपुर में 4 दुकानों से 18.50 लाख का खाद्यान्न गायब:चावल-शक्कर और नमक की भी अफरा-तफरी, खाद्य-विभाग ने उचित मूल्य की दुकानों को किया सस्पेंड

बिलासपुर के 4 शासकीय उचित मूल्य दुकानों में 18 लाख 50 हजार रुपए से ज्यादा के राशन अफरा-तफरी करने का मामला सामने आया है। जांच में यह पता चला कि चावल और शक्कर ही नहीं कई क्विंटल नमक तक गायब है। खाद्यान्न गायब करने वाले चारों दुकानों को सस्पेंड कर दिया गया है। जिले के राशन दुकानों में एक-एक कर गड़बड़ियां सामने आ रही है। इससे पहले शहर के पांच राशन दुकानों में करीब 55 लाख रुपए के खाद्यान्न की गड़बड़ी की गई थी। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद खाद्य विभाग की टीम ने चार दुकानों की जांच की। भौतिक सत्यापन कराने पर पता चला कि राशन दुकानों में बड़े पैमाने पर खाद्यान्न की हेराफेरी की जा रही है। इन दुकानों में मिली लाखों की गड़बड़ी जांच में कई क्विंटल चावल, शक्कर और नमक की अफरा-तफरी जांच में सामने आई है। वार्ड क्रमांक 64 बिरकोना में 109.27 क्विंटल चावल कम मिला। इसका बाजार मूल्य 4 लाख 58 हजार 553 रुपए है। वार्ड क्रमांक 46 गणेश नगर के राशन दुकान में जांच में 78.78 क्विंटल चावल, 1.01 क्विंटल शक्कर कम मिला। इसका बाजार मूल्य 2 लाख 35 हजार 43 रुपए है। वार्ड क्रमांक 3 उसलापुर के संगवारी मिलन जन कल्याण समिति द्वारा संचालित राशन दुकान में 128.50 क्विंटल चावल, 1.75 क्विंटल शक्कर और 2.18 क्विंटल नमक कम मिला। इसका बाजार मूल्य 5 लाख 49 हजार 128 रुपए है। वार्ड क्रमांक 47 मोपका के महिला शक्ति खाद्य सुरक्षा शासकीय उचित मूल्य दुकान की जांच में 118.70 क्विंटल चावल कम मिला। वहीं 3.23 क्विंटल शक्कर भी गायब था। इसका बाजार मूल्य 5 लाख 12 हजार 331 रुपए है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *