रांची | कोकर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल में उपभोक्ताओं की बिलिंग संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए शिकायत निवारण कोषांग बनाया गया है। इसकी जानकारी कार्यपालक अभियंता गौरव कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि यह कोषांग सुबह 10 से शाम 5 बजे तक तीन कर्मियों की उपस्थिति में कार्य करेगा। उपभोक्ता अपनी शिकायतें व्हाट्सऐप नंबर 6201382424 पर सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक भेज सकते हैं। इस नंबर पर बिलिंग से जुड़ी जानकारी भी ली जा सकती है। कोकर डिविजन में इस समय एक लाख उपभोक्ता हैं। इनमें से 90 हजार उपभोक्ताओं के मीटर स्मार्ट हो चुके हैं। इधर, कडरू इलाके में सोमवार को तीन घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। उपकार नगर में ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त हो गया था। उसे बदलने का काम किया जा रहा था। इसी कारण फीडर से बिजली बंद की गई थी। गर्मी के कारण लोगों को काफी परेशानी हुई।


