रांची| बीआईटी मेसरा में जाने-माने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों ने ‘फ्रंटियर्स इन ट्रांसलेशनल बायोइंजीनियरिंग फॉर हेल्थकेयर’ पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में हिस्सा लिया। हेल्थ टेक्नोलॉजी एवं रिसर्च में आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया। प्रो सॉमेन दास ने ऑर्गन-ऑन-अ-चिप और लैब-ऑन-अ-चिप तकनीकों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने पशु ट्रायल एवं आधुनिक व्यक्तिगत चिकित्सकीय देखभाल को रिप्लेस करने में इन तकनीकों की क्षमता पर रोशनी डाली। प्रो हरीश कुमार ने रिजनरेटिव मेडिसिन में पॉलीमेरिक नैनोमटीरियल्स की क्षमता एवं चुनौतियों पर विचार प्रस्तुत किए, साथ ही घाव भरने में इनके अनुप्रयोग पर विशेष फोकस किया। प्रोफेसर अतुल गोयल ने आधुनिक फ्लोरोसेन्ट लेबलिंग सिस्टम और बोन रीजनरेशन में बायोडीग्रेडेबल बोन इम्प्लान्ट के भविष्य पर विचार रखे।


