भास्कर न्यूज | जांजगीर बीएड और डीएलएड पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अगस्त के दूसरे सप्ताह से काउंसिलिंग शुरू हो सकती है। इसके लिए जल्द ही शेड्यूल जारी किया जाएगा। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद इसकी तैयारी कर रही है। इस बार कितनी सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा, यह अभी तय नहीं है। नेशनल काउंसिल फॉर टीचर एजुकेशन(एनसीटीई) ने विभिन्न कारणों से राज्य के करीब आधा दर्जन बीएड और डीएलएड कॉलेजों की मान्यता रद्द कर दी है। इनमें से कुछ कॉलेजों ने कोर्ट का रुख किया और उन्हें स्थगन आदेश मिला है। इसी वजह से यह स्पष्ट नहीं है कि इस बार की काउंसिलिंग में कितने कॉलेज शामिल होंगे। तीन चरण की काउंसिलिंग में छह लिस्ट जारी होंगी बीएड और डीएलएड की काउंसिलिंग इस बार भी तीन चरणों में होने की संभावना है। पिछली बार की तरह इस बार भी प्रत्येक चरण में दो मेरिट लिस्ट जारी की जा सकती हैं। इस तरह कुल छह मेरिट लिस्ट जारी होंगी। पिछली बार प्रवेश प्रक्रिया सितंबर में शुरू हुई थी।


