भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 जारी है। इसके तहत झालरापाटन विधानसभा क्षेत्र में सभी बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं और उन्हें एकत्रित कर ऑनलाइन डिजिटाइजेशन कर रहे हैं। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी (एसडीओ) अभिषेक चारण ने बताया कि जिन मतदाताओं द्वारा गणना प्रपत्र भरने में चूक हुई है, वे अभी भी अपने संबंधित बीएलओ को प्रपत्र उपलब्ध करा सकते हैं। इसके साथ ही 1 जनवरी 2026 को या उससे पहले 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले भावी मतदाता फॉर्म-6 और एनेक्जर-4 भरकर मतदाता सूची में नया नाम जोड़ने हेतु आवेदन कर सकते हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए 3 से 8 दिसंबर तक झालावाड़ और झालरापाटन क्षेत्र के सभी बीएलओ अपने मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपलब्ध रहेंगे। एसडीओ चारण ने अधिक से अधिक मतदाताओं से अपील की है कि वे समय पर गणना प्रपत्र भरकर उपलब्ध कराएं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में सहयोग दें।


